home page

रिम्स के निदेशक पद से डॉ. राजकुमार का इस्तीफा, डॉ डीके सिन्हा को मिला प्रभार

 | 
रिम्स के निदेशक पद से डॉ. राजकुमार का इस्तीफा, डॉ डीके सिन्हा को मिला प्रभार


रांची, 25 जून (हि.स.)। रिम्स में बुधवार को सीआईडी की कार्रवाई के बाद गुरुवार को डॉ राजकुमार ने संस्थान के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया।

विभागीय मंत्री इरफान अंसारी के अनुमोदन के बाद उनके त्यागपत्र को स्वीकार कर लिया गया है। उनकी जगह रिम्स में सर्जरी के प्राध्यापक डॉ दीपेंद्र कुमार सिन्हा को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक निदेशक रिम्स का प्रभार दे दिया गया है। इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि 24 जून को अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की दो अलग-अलग टीमें रिम्स पहुंची थीं। इन टीमों में चार डीएसपी स्तर के अधिकारी भी शामिल थे. जांच का केंद्र वर्ष 2025 में कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हुए एमबीबीएस नामांकन और संस्थान में सफाई कार्य से जुड़े टेंडर में कथित अनियमितताओं के आरोप रहे।

रिम्स प्रबंधन के अनुसार, पहली टीम ने एमबीबीएस पाठ्यक्रम में कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हुए नामांकन मामले की जांच की. वहीं दूसरी टीम ने सफाई कार्य के लिए जारी निविदा प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों और प्रक्रियाओं की पड़ताल की।

जांच के दौरान सीआईडी अधिकारियों ने रिम्स निदेशक डॉ. राजकुमार, डीन, चिकित्सा अधीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ली। जांच पूरी होने के बाद टेंडर से जुड़े अभिलेखों की प्रतियां अपने साथ ले गई। इसके अलावा तीन एमबीबीएस छात्रों के खिलाफ प्राप्त शिकायतों से संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां भी जांच के लिए जब्त की गईं ।

फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नामांकन के एक मामले में रिम्स प्रशासन पहले ही एमबीबीएस की एक छात्रा और बीडीएस की एक छात्रा का नामांकन रद्द कर चुका है। जिला प्रशासन स्तर पर हुई जांच में दोनों के जाति प्रमाण पत्र अवैध और असत्य पाए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे