झारखंड के चार जिलों में बारिश की स्थिति खराब, 23 सितंबर से फिर सक्रिय होगा मानसून
रांची, 16 सितंबर (हि.स.)। झारखंड के पाकुड़, चतरा, गुमला और देवघर में बारिश की कमी कृषि के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इन चार जिलों में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। हालांकि राज्य के शेष 20 जिलों में बारिश की स्थिति कृषि की दृष्टि से सामान्य है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के प्रभाव से 23 सितंबर से राज्य में फिर बारिश की गतिविधि बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक जून से 16 सितंबर तक पाकुड़ में सामान्य 1040.9 मिलीमीटर के मुकाबले 539 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह सामान्य से 48 प्रतिशत कम है। इसी अवधि में चतरा में सामान्य 855.3 मिलीमीटर के मुकाबले 549 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 36 प्रतिशत कम है।
राज्य के अन्य जिलों में भी बारिश सामान्य से कम रही है। साहिबगंज में सामान्य से 26 प्रतिशत, कोडरमा में 25 प्रतिशत, हजारीबाग और गिरिडीह में 24-24 प्रतिशत, गुमला में 29 प्रतिशत, गढ़वा में 22 प्रतिशत तथा देवघर में 31 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में जून से सितंबर तक मानसून का मौसम रहता है। इस अवधि में अब तक राज्य में सामान्य 920.8 मिलीमीटर के मुकाबले 871.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। उन्होंने कहा कि कृषि की दृष्टि से फिलहाल पाकुड़, चतरा, गुमला और देवघर में स्थिति खराब है, जबकि शेष 20 जिलों में बारिश की स्थिति सामान्य मानी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के प्रभाव से 23 सितंबर से राज्य में बारिश की गतिविधि फिर बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने 17 सितंबर को राज्य में आकाशीय बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
इधर, रांची और आसपास के इलाकों में बुधवार को सुबह से ही गर्मी और उमस का असर रहा। दोपहर बाद मौसम बदला और शहर के कई हिस्सों में गर्जन के साथ अच्छी बारिश हुई। बारिश के बाद लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 65 मिलीमीटर बारिश दुमका जिले के जामा में रिकॉर्ड की गई। वहीं, पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में राज्य का सर्वाधिक 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड हुआ।
बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम 35.5 और न्यूनतम 25 डिग्री, डालटनगंज में अधिकतम 34.6 और न्यूनतम 26.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 35.5 और न्यूनतम 25.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 35.4 और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

