home page

झारखंड के सभी स्थानों पर 26 से 29 जुलाई तक बारिश होने की संभावना

 | 
झारखंड के सभी स्थानों पर 26 से 29 जुलाई तक बारिश होने की संभावना


रांची, 23 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रांची सहित झारखंड के सभी स्थानों में 26 से 29 जुलाई तक बारिश होने की प्रबल संभावना है। यह जानकारी मौसम विभाग ने गुरुवार को दी।

विभाग के अनुसार निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण आने वाले दिनों में राज्य में अच्छी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया है कि 27 जुलाई तक राज्य के विभिन्न स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इसे लेकर विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम के गुड़ाबांधा में 57.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान दुमका में 32.6 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बारिश दर्ज की गई। हल्की बारिश होने से मौसम में ठंड महसूस की गई और सुहाना बना रहा।

वहीं, गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 29.6 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32 और न्यूनतम 24.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.1 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak