अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी में 20 लीटर चुलाई शराब और 80 किलो जावा महुआ बरामद
रामगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर शनिवार को उत्पाद विभाग की टीम ने बरलंगा थाना क्षेत्र के डिमरा गांव में छापेमारी कर करीब 20 लीटर अवैध चुलाई शराब और 80 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया।
सहायक आयुक्त उत्पाद, रामगढ़ के निर्देश पर उत्पाद बल ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान अवैध रूप से तैयार की गई चुलाई शराब और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाला जावा महुआ बरामद किया गया।
मामले में अवैध शराब की चुलाई और बिक्री में संलिप्त आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद अमित किशोर प्रसाद सहित गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

