मेकॉन की दुर्गा पूजा में भव्य पंडाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाभोग होंगे आकर्षण
रांची, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मेकॉन परिवार की ओर से श्यामली कॉलोनी में दुर्गा पूजा और दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष आकर्षक पंडाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, महाभोग, झूले और फूड स्टॉल श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण होंगे।
मेकॉन की सिमांतीनी साहू ने शनिवार को जारी विज्ञप्ति में आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन दशकों से अधिक समय से आयोजित हो रही इस दुर्गा पूजा को इस वर्ष विशेष स्वरूप दिया गया है। करीब 100 फीट चौड़े और 80 फीट ऊंचे भव्य पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
चार दिवसीय उत्सव के दौरान गीत, नृत्य और नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बच्चों और महिलाओं की प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगी। इसके अलावा ओम, शंख और आरती प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। महाअष्टमी और महानवमी की रात भव्य जागरण का आयोजन होगा।
सिमांतीनी साहू ने बताया कि अनुष्ठान के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच महाभोग वितरित किया जाएगा। मेले में 10 से अधिक झूले और 40 फूड स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोगों को मनोरंजन के साथ विभिन्न व्यंजनों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सीसीटीवी, एलईडी स्क्रीन, लाइव कैमरा और ड्रोन कैमरों की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।--------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

