रांची में जन-शिकायत समाधान कार्यक्रम, 72 आवेदनों का मौके पर निष्पादन
रांची, 25 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची के विभिन्न थाना और ओपी में शुक्रवार को जन-शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने थानों में पहुंचकर आम लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची कोतवाली थाना पहुंचे, जबकि पुलिस अधीक्षक नगर ने बरियातू थाना, पुलिस अधीक्षक यातायात ने धुर्वा थाना और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने ओरमांझी थाना में लोगों से मुलाकात की। इसके अलावा जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक और थाना-ओपी प्रभारी अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, जन-शिकायत समाधान कार्यक्रम के दौरान विभिन्न थानों में कुल 103 आवेदन और मामले प्राप्त हुए। इनमें से 72 मामलों का त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी दिन निष्पादन कर दिया गया। सबसे अधिक 9 मामले कोतवाली थाना में प्राप्त हुए। कार्यक्रम के दौरान कुछ संवेदनशील शिकायतें भी पुलिस के सामने आईं. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 6 प्राथमिकी दर्ज की गई और उनके अनुसंधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। वहीं, अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है।
इसी दौरान सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से रांची पुलिस ने गुम हुए 53 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइल उनके संबंधित धारकों को वापस सौंपे गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

