home page

हड़गड़ी जमीन पर जगुआर कैंप विस्तार का ग्रामीणों ने किया विरोध

 | 
हड़गड़ी जमीन पर जगुआर कैंप विस्तार का ग्रामीणों ने किया विरोध


रांची, 04 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी के कांके प्रखंड के मौजा-टेंडर स्थित हड़गड़ी जमीन पर प्रस्तावित झारखंड जगुआर (एसटीएफ) कैंप विस्तार को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने शनिवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात कर आपत्ती दर्ज कराई।

ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की। उपायुक्त से मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित भूमि आदिवासी समाज की आस्था और परंपराओं से जुड़ी हड़गड़ी स्थल है, जहां वर्षों से पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित होती रही हैं। उन्होंने कहा कि इस स्थल का सामाजिक और धार्मिक महत्व है, इसलिए यहां किसी प्रकार का निर्माण कार्य समाज की भावनाओं को आहत कर सकता है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से आग्रह किया कि कैंप विस्तार के लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए।

वहीं मौके पर ग्रामीणों ने सरहुल पर्व के सफल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना करते हुए उपायुक्त का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने उपायुक्त को शॉल ओढ़ाकर और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित भी किया।

उपायुक्त से मुलाकात करनेवाले प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की, वार्ड पार्षद अमित मिंज सहित कई ग्रामीण शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar