home page

यूपीएससी परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू

 | 

रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)।

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से आगामी 12 अप्रैल को होनेवाले राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, नौ सेना अकादमी और सम्मिलित रक्षा सेवा परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर प्रशासन ने कडी सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।

इसे लेकर अनुमंडल दंडाधिकारी (सदर) कुमार रजत ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। उन्होंने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्य्म से यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह निषेधाज्ञा 12 अप्रैल की सुबह 06 बजे से रात के 09 बजे तक प्रभावी रहेगी। आदेश के तहत पांच या अधिक व्यक्तियों के एक स्थान पर एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, किसी भी प्रकार के हथियार या लाठी-डंडा जैसे पारंपरिक हथियार लेकर चलने और किसी भी प्रकार की सभा या आमसभा आयोजित करने पर भी रोक लगाई गई है।

रांची में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सेंट्रल एकेडमी बरियातू, डीएवी नंदराज स्कूल लालपुर, सेंट अलोइस हाई स्कूल, उर्सुलाइन कॉन्वेंट, गोस्सनर कॉलेज, डीएवी धुर्वा, दिल्ली पब्लिक स्कूल धुर्वा, विवेकानंद विद्या मंदिर, सेंट पॉल कॉलेज और छोटानागपुर पब्लिक स्कूल सहित अन्य संस्थान के नाम शामिल हैं। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्देशों का पालन करने और समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के संयुक्त आदेश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar