home page

विश्व मलेरिया दिवस पर मुखिया एवं महिलाएं सम्मानित

 | 
विश्व मलेरिया दिवस पर मुखिया एवं महिलाएं सम्मानित


रांची, 25 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड की ओर से शनिवार को विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर नामकुम स्थित आईपीएच सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर वेक्टर जनित रोगों के उन्मूलन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया,साथ ही एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया। साथ ही 10 मुखियाओं और जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का उद्धाटन एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोगों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर है। मलेरिया सहित सभी वेक्टर जनित रोगों के उन्मूलन के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जागरूकता, नियमित छिड़काव, मच्छरदानी के उपयोग और साफ-सफाई से मच्छरों के प्रकोप को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

उन्होंने पोलियो उन्मूलन का उदाहरण देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से मलेरिया पर भी नियंत्रण संभव है। इस दौरान खास तौर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा वर्षभर चलने वाली 46 स्वास्थ्य गतिविधियों, रोगों की रोकथाम और जागरूकता अभियानों पर प्रकाश डाला गया। पंचायत स्तर पर मुखियाओं के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने,आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को सशक्त बनाने और अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग पर जोर दिया गया।

इस मौके पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ वीरेंद्र कुमार सिंह ने मलेरिया को कम करने और कालाजार उन्मूलन के लिए संयुक्त प्रयासों पर बल दिया। वहीं निदेशक स्वास्थ्य डॉ दिनेश कुमार ने व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता को आवश्यक बताया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में झारखंड में 42,236 मलेरिया के मामले सामने आए,जबकि लाखों जांच कर बीमारी पर नियंत्रण के प्रयास जारी हैं। कार्यक्रम में मुख्यत रूप से डॉ लाल मांझी, डॉ विजय रजक, डॉ मुकेश कुमार, विकास सिन्हा, कई पदाधिकारी, 300 प्रतिभागियों सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar