विद्युत विभाग के कर्मियों की शिकायतों की हो जांच : संघ
रांची, 29 सितंबर (हि.स.)।
झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने तुपुदाना प्रशाखा में कार्यरत मानव दिवस कर्मियों से जुड़ी विभिन्न शिकायतों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।
संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, कुसई कॉलोनी, डोरंडा के महाप्रबंधक (तकनीकी) मनमोहन कुमार से मुलाकात कर लिखित ज्ञापन सौंपा। अजय राय ने कहा कि संघ किसी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं, बल्कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच चाहता है। उन्होंने संवेदनशील ऑनलाइन और राजस्व संबंधी कार्य केवल अधिकृत कर्मियों से कराने एवं जांच पूरी होने तक संबंधित अभिलेख सुरक्षित रखने की मांग की।
ज्ञापन में मानव दिवस कर्मियों को कार्य से हटाने की कथित धमकी, परिचितों या रिश्तेदारों को उनके स्थान पर काम पर रखने के प्रयास, ऑनलाइन विद्युत संबंध, कनेक्शन रिलीज, राजस्व एवं ओटीपी आधारित संवेदनशील कार्यों से जुड़ी शिकायतों की जांच की मांग की गई है।
संघ ने लगभग एक वर्ष पूर्व मानव दिवस कर्मी संदीप कुमार को हटाकर कनीय विद्युत अभियंता के भाई प्रमोद कुमार को कार्य पर रखे जाने संबंधी शिकायत की भी जांच की मांग की। इसके अलावा हटिया-तुपुदाना क्षेत्र में पोल और तार शिफ्टिंग से जुड़े मामलों में स्टी मेट, सक्षम स्वीकृति और विभागीय राजस्व जमा होने की प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

