home page

रिश्वत मांगने वाले प्रोबेशन ऑफिसर और कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

 | 
रिश्वत मांगने वाले प्रोबेशन ऑफिसर और कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार


रामगढ़, 16 जून (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग की टीम ने मंगलवार को रामगढ़ में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने जिला प्रोबेशन कार्यालय में पदस्थापित प्रोबेशन ऑफिसर सिमरन कुमारी और कंप्यूटर ऑपरेटर सुजीत पासवान को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक शिकायत की सत्यता जांच के बाद की गई। जिसमें अनुदान राशि बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था।

मामला रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़कीपोना निवासी नितेश कुमार से जुड़ा है। नितेश कुमार ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनके परिवार को सरकार की ओर से 05 लाख रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत हुई है।

अनुदान राशि में वृद्धि कराने के लिए उन्होंने जिला प्रोबेशन कार्यालय से संपर्क किया। जहां उन्हें कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर सुजीत पासवान से मिलने को कहा गया। आरोप है कि सुजीत पासवान ने सत्यापन रिपोर्ट भेजने और प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। इसे लेकर नितेश कुमार ने एसीबी से शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी हजारीबाग की ओर से तकनीकी और गोपनीय जांच कराई गई। जांच के दौरान यह सत्य पाया गया कि प्रोबेशन ऑफिसर सिमरन कुमारी के निर्देश पर कंप्यूटर ऑपरेटर सुजीत पासवान ने रिश्वत की मांग की थी। सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो थाना, हजारीबाग में मामला दर्ज किया गया।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एसीबी की विशेष ट्रैप टीम ने मंगलवार को जाल बिछाया। स्वतंत्र दंडाधिकारी और सरकारी गवाहों की मौजूदगी में कंप्यूटर ऑपरेटर सुजीत पासवान को 05 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर इस मामले की मुख्य आरोपित प्रोबेशन ऑफिसर सिमरन कुमारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है और रिश्वतखोरी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

एसीबी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश