केंद्र सरकार जाति आधारित जनगणना नहीं कराती है तो कांग्रेस देशव्यापी आंदोलन करेगी : प्रदीप यादव
देवघर, 15 मई (हि.स.)। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि वर्तमान में देश में वर्ष 2026 की जनगणना प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और गणनाकर्मी घर-घर जाकर 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन बिंदुओं में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का स्पष्ट उल्लेख नहीं है, जिससे यह प्रतीत होता है कि जातिगत आंकड़ों का समुचित संकलन नहीं किया जा रहा है।
यादव शुक्रवार काे देवघर परिसदन में प्रेस वातार् में बाेल रहे थे।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार देशव्यापी जाति आधारित जनगणना की मांग कर रहे हैं। उनके अनुसार जातिगत जनगणना देश की सामाजिक संरचना का “एक्स-रे” है, जिसके माध्यम से यह समझा जा सकता है कि आजादी के 75 वर्षों में किन वर्गों का कितना विकास हुआ और किन समुदायों को अब भी अपेक्षित अवसर नहीं मिले।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार जाति आधारित जनगणना नहीं कराती है तो राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस देशव्यापी आंदोलन करेगी।
दूसरे मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर चिंता व्यक्त की। उनका आरोप था कि गैर-भाजपाई, गरीब, पिछड़े, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक समुदायों के मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने प्रत्येक बूथ स्तर पर बीएलए-2 नियुक्त कर प्रशिक्षण शुरू कर दिया है, ताकि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की जा सके।
तीसरे मुद्दे के रूप में उन्होंने देश में बढ़ती महंगाई, ईंधन संकट और गैस की कमी पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि देश कोरोना काल जैसी परिस्थितियों की ओर बढ़ रहा है। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले पर उन्होंने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होना शासन व्यवस्था की गंभीर विफलता है।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर देशभर में व्यापक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। बिहार में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल को लेकर पूछे गए प्रश्न पर प्रदीप यादव ने कहा कि आम जनता को भ्रमित और भयभीत किया जा रहा है।
वित्त मंत्री राधा कृष्णा किशोर तथा सांसद सुखदेव भगत द्वारा प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व पर उठाए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि नए संगठनात्मक ढांचे में प्रारंभिक मतभेद स्वाभाविक हैं और सभी विषयों का समाधान आपसी संवाद से कर लिया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव एवं जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय, अशोक वर्मा, प्रो. उदय प्रकाश, नागेश्वर सिंह, मुरारी कुमार, दिनेश कुमार मंडल, रवि केसरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इससे पूर्व यादव शुक्रवार दोपहर देवघर परिसदन पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

