home page

महागठबंधन सरकार बालू से तेल निकालने का कर रही काम : अमित मंडल

 | 
महागठबंधन सरकार बालू से तेल निकालने का कर रही काम : अमित मंडल


रांची, 05 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) में प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधायक गोड्डा अमित मंडल ने इंडी गठबंधन सरकार को बालू एवं अवैध खनन के मुद्दे पर जमकर निशाना साधा है।

मंडल ने रविवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि झारखंड में प्रति वर्ष हाईवा से मृत्यु की दर काफी चिंताजनक है। हर दिन 12 से 14 लोगों की मौत सड़क हादसे में हो रही है। वर्ष 2025 के आंकड़ों के मुताबिक अब तक 4200 लोगों की मौत हो गई है,वहीं 2023 में 4173 लोगों की मौत हो गई है और 2024 में 3659 लोगों की मौत हो गई है। यानी कोरोना काल में हुई कुल 5331 मौत से अधिक मौंत हर वर्ष हाईवे और हाई स्पीड के कारण झारखंड में हो रही है।

उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन ने वादा किया था कि गैर आयकर दाताओं और गरीब को घर बनाने के लिए बालू मुफ्त दिया जाएगा। क्या आज झारखंड में बालू मुफ्त दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सदन में यह भी कहा है कि एक व्यक्ति को अधिकतम 2000 सीएफटी लगभग 20 ट्रैक्टर बालू मुफ्त दिया जाएगा। क्या आज मुफ्त बालू क्षेत्र की जनता को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने सदन के अंदर अवैध खनन पर सख्त निर्देश दिया था एवं उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को सीधे तौर पर अवैध खनन को रोकने की जिम्मेदारी दी थी एवं प्रत्येक जिले में टास्क फोर्स बनाने की बात कही थी। साथ ही हर एक बालूघाट में सीसीटीवी लगाने की घोषणा भी की थी,परंतु आज कोई भी घोषणा धरातल पर नहीं दिख रही है।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में के राजू (जो झारखंड के कांग्रेस प्रभारी हैं) ने कई मुद्दों पर लेकर राज्य सरकार को खुद ही घेरा है। उन्होंने कहा है कि माइनिंग माफिया का प्रभाव अप्रत्याशित रूप से बढ़ा है और डीसी और एसपी सीधा माइनिंग माफिया के प्रेशर में हैं। साथ ही उन्होंने कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। भूमि अधिग्रहण कानून का उल्लंघन भी उन्होंने राज्य सरकार पर लगाया है। सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति पर भी के राजू ने चिंता जाहिर की और गठबंधन की जिम्मेदारियों पर भी उन्होंने टिप्पणी की है।

वहीं दूसरी तरफ सुप्रियो भट्टाचार्य जो झामुमो के प्रवक्ता हैं, उन्होंने कांग्रेस की तुलना दोमुंहे विषैले सांप के तौर पर की है। कब कांग्रेस किसको काट ले यह कहना मुश्किल है। ऐसे में यह साफ प्रतीत होता है कि एक दूसरे को लेकर कांग्रेस,झामुमो और राजद में खींचतान की स्थिति बनी हुई है।

मंडल ने सारे मुद्दे को असम चुनाव से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से बिहार चुनाव में झामुमो की फजीहत कांग्रेस और राजद के द्वारा की गई थी उसी के द्वेष भावना को लेकर इस तरह की षड्यंत्र और इस तरह की बयानबाजी देखने को मिल रहा है। कहीं ऐसा तो नहीं इस अवैध कमाई के कारण कांग्रेस को जो पैसे चुनाव में जाना चाहिए था वह झामुमो ने बंद कर दिया और इसी से कांग्रेस बौखला कर इस तरह की बयानबाजी कर रही है।

उन्होंने सरकार को सुझाव दिया कि यदि सही मायने में सरकार गोड्डा समेत अन्य जिलों से अवैध बालू के खनन को रोकना चाहती है तो प्रतिदिन महालक्ष्मी ट्रांसपोर्ट की ओर से अवैध खनन पर रोक लगाना होगा। साथ ही यदि निष्पक्ष जांच करानी है तो महालक्ष्मी ट्रांसपोर्ट के मालिक को खोजना होगा तभी दूध का दूध और पानी का पानी हो पायेगा। इस दौरान प्रेस वार्ता में मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह और तारिक इमरान भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे