home page

राज्य भर से चयनित 80 जनजाति छात्रों का एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम रांची में

 | 
राज्य भर से चयनित 80 जनजाति छात्रों का एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम रांची में


रांची, 08 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि परिषद राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ छात्र-युवा शक्ति को संगठित करने वाला एक अग्रणी छात्र संगठन है, जो समाज जीवन के विभिन्न आयामों में नेतृत्व निर्माण के लिए सतत कार्यरत है।

इसी क्रम में परिषद की झारखंड इकाई की ओर से 11 और 12 मई 2026 को रांची में एक्सपोज़र विज़िट कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत झारखंड के विभिन्न जिलों से चयनित लगभग 80 जनजातीय छात्र कार्यकर्ताओं को रांची लाकर शहरी जीवन शैली, शैक्षणिक संस्थानों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों से परिचित कराया जाएगा।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को व्यापक दृष्टिकोण देना, उनके बौद्धिक और सामाजिक विकास को गति देना एवं समाज निर्माण में उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान छात्र विभिन्न शैक्षणिक परिसरों, प्रशासनिक संस्थान और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों से संवाद कर अनुभव प्राप्त करेंगे।

प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि परिषद सदैव छात्र-युवा शक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है। एक्सपोज़र विजिट कार्यक्रम जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को नई सोच, व्यापक अनुभव और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देगा। हमें विश्वास है कि यह पहल छात्रों को राष्ट्र निर्माण की दिशा में और अधिक जागरूक एवं सक्रिय बनाएगी।

उन्होंने कहा कि परिषद की ओर से संचालित यह अभियान विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास का सशक्त माध्यम बनेगा।

11 और 12 मई को आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम से चयनित 80 छात्रों के सर्वांगीण विकास एवं राष्ट्र निर्माण के इस अभियान को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।

मौके पर अभाविप के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शुभम पुरोहित, विभाग संयोजक उत्कर्ष तिवारी , प्रदेश मीडिया संयोजक सत्यम मिश्रा और रांची महानगर मंत्री तुषार दुबे उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे