सांसद सांस्कृतिक महोत्सव और स्वदेशी मेला 01 मई से, मोटे अनाज को किया जाएगा प्रोत्साहित
रांची, 30 अप्रैल( हि.स.)। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि सांस्कृतिक विविधता में भी एकता ही हमारी पहचान है। यह पहचान सदैव जीवंत रहे। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी मार्गदर्शन रहता है। उनकी प्रेरणा से ही वंदे मातरम के गौरवशाली 150 वर्ष पर रांची में कला, संस्कृति और स्वदेशी के संगम के रूप में सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला 2026 का आयोजन किया गया है ।
यह महोत्सव भारत की विविधता, परंपरा और लोक कला का अद्भुत उत्सव बनने जा रहा है।
यह हर रांचीवासी के लिए भारत की संस्कृति आत्मा से जुड़ने का अवसर है जहां हर रंग, हर ताल और हर परंपरा एक भारत श्रेष्ठ भारत की झलक दिखायगी।
सेठ ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 01 मई से 03 मई 2026 तक आड्रे हाउस में सुबह 09 बजे से रात्रि के 10 बजे तक यह महोत्सव आयोजित है ।
वहीं कार्यक्रम में सुबह 09 बजे से शाम के 06 बजे तक विभिन्न स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक प्रतियोगिता होगी, जबकि शाम 06 बजे से देश भर के कलाकार विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
स्वदेशी मेला सुबह के 09 बजे से रात्रि के 10 बजे तक चलेगा। इस मेल में 125 स्टॉल निशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं, जो पूर्णत स्वदेशी को समर्पित है ।
उन्होंने बताया कि मेला में हस्तशिल्प, पारंपरिक भोजन, हाथों से बने खिलौने, स्वदेशी उत्पाद, सोहराय पेंटिंग जैसी वस्तुओं को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य है। विशेष रूप से मेला में अन्न यानी मोटे अनाज से बने व्यंजन और उनके उत्पादों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। मोटे अनाज से बने चॉकलेट ,केक ,बिस्किट जैसे खाद्य पदार्थ आकर्षण के केंद्र होंगे। इस महोत्सव में ऑपरेशन सिंदूर पर रांची के बच्चों के द्वारा बनाई गयी पेंटिंग की भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। बच्चों ने ऑपरेशन सिंदूर की शौर्यगाथा को कैनवास पर उतारने का काम किया है। उन बच्चों को भी इससे प्रोत्साहन मिलेगा और ऑपरेशन सिंदूर में हमारे सैन्य बलों को आम जनता करीब से देख सकेगी।
01 मई की शाम 05 बजे आड्रे हाउस में महोत्सव का विधिवत उद्घाटन होगा। इस उद्घाटन कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार , मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यसभा सांसद सह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
सेठ ने बताया कि 02 मई को होने वाले संस्कृत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में केंद्रीय कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थित रहेंगे। वहीं 03 मई की प्रस्तुतियों में केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि सभी कार्यक्रमों में प्रवेश निशुल्क है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

