home page

चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष भव्य द्वारका मंदिर का 3डी पंडाल का करेगा निर्माण

 | 
चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष भव्य द्वारका मंदिर का 3डी पंडाल का करेगा निर्माण


रांची, 20 सितंबर (हि.स.)। रांची के अल्बर्ट एक्का चौक स्थित चंद्रशेखर आजाद पूजा समिति की ओर से इस वर्ष दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समिति की ओर से इस बार गुजरात के द्वारका मंदिर की थीम पर भव्य 3डी पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है।

समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पंडाल को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि किसी भी दिशा से देखने पर श्रद्धालुओं को आकर्षक और जीवंत दृश्य दिखाई दे।

रमेश सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय में कुछ हादसों के कारण पूजा आयोजन का स्वरूप थोड़ा प्रभावित हुआ था, लेकिन इस बार युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समिति में नई ऊर्जा आई है।

युवा साथी पूरी तत्परता के साथ पूजा की तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा और प्रेम का ही परिणाम है कि समिति लगातार सेवा कार्यों के साथ दुर्गा पूजा का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

समिति अध्यक्ष ने बताया कि इस बार पंडाल का स्वरूप काफी भव्य रखा गया है। द्वारका मंदिर और द्वारका नगरी की थीम पर तैयार हो रहे 3डी पंडाल को और विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह रांची के प्रमुख और बड़े पूजा पंडालों में शामिल होगा। चंद्रशेखर आजाद पूजा समिति की ओर से रांची समेत झारखंड, बिहार और बंगाल से आने वाले श्रद्धालुओं से पूजा में शामिल होने की अपील की गई है। समिति ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की पहचान बन चुका है और हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

रमेश सिंह ने बताया कि पूजा पंडाल में बुजुर्गों, बच्चों और अन्य श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए विशेष घेरा बनाया गया है, ताकि बुजुर्ग और बच्चे बिना किसी परेशानी के मां दुर्गा के दर्शन और पूजा कर सकें।

पूजा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के लिए 500 से अधिक वॉलंटियर्स लगाए जाने की बात भी समिति की ओर से कही गई है।

समिति अध्यक्ष ने रांची जिला प्रशासन, रांची पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से प्रशासन की ओर से दुर्गा पूजा के दौरान लगातार सहयोग मिलता रहा है।

उन्होंने हाल ही में हुई प्रशासनिक बैठक का भी उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को सभी पूजा पंडालों का सुगम तरीके से दर्शन कराने के लिए प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियां सराहनीय हैं।

कार्यक्रम के दौरान चंद्रशेखर आजाद पूजा समिति की आधिकारिक वेबसाइट का भी शुभारंभ किया गया। समिति का कहना है कि वेबसाइट के माध्यम से पूजा समिति की गतिविधियों, धार्मिक आयोजनों और सामाजिक कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

रमेश सिंह ने समिति से जुड़े पदाधिकारियों और संरक्षकों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि समिति आने वाले समय में पूजा आयोजन को और अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से करने के साथ-साथ धार्मिक और सामाजिक कार्यों को भी आगे बढ़ाएगी।

उन्होंने कहा कि समिति पूरे वर्ष अलग-अलग धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सक्रिय रहती है। 2026 तक दुर्गा पूजा के दौरान 10 हजार से अधिक लोगों को अपने साथ जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके जरिए युवाओं को सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों से जोड़कर बेहतर रांची और बेहतर झारखंड के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया गया है।

रमेश सिंह ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने परिवार, बुजुर्गों और बच्चों के साथ चंद्रशेखर आजाद पूजा समिति के भव्य दुर्गा पूजा आयोजन में शामिल हों और मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे