चान्हो हिंसा पर दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो होगा आंदोलन : नीलकंठ सिंह मुंडा
रांची, 28 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने चान्हो प्रखंड के गुटवा कदम टोली में हुई हिंसक घटना को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की जांच समिति ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की है। उन्होंने बताया कि 25 तारीख को खेत में सिंचाई के दौरान पाइप फटने और पानी बहने को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में हिंसक रूप ले लिया।
मुंडा गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि यह पूरी घटना तैयारी के साथ किया गया है। साहू परिवार जब अपने घर लौटा तो 50 से 60 लोगों की भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। मुंडा ने कहा कि हमलावरों ने घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों तक को नहीं छोड़ा। उन्होंने दावा किया कि तीन-चार साल के एक मासूम बच्चे को आंगन से बाहर फेंक दिया गया।
वहीं गर्भवती महिला प्रियंका के साथ मारपीट की गई, उसका सिर फोड़ दिया गया और पेट पर लात मारी गई। परिवार के अन्य लोगों को भी रॉड से पीटा गया और अभद्र टिप्पणियां की गईं।
नीलकंठ सिंह मुंडा ने राज्य सरकार और प्रशासन पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस घायल लोगों को देखने के बावजूद दोषियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। साथ ही उन्होंने एफआईआर में कमजोर और जमानती धाराएं लगाने पर भी सवाल उठाया।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार दहशत में है और भाजपा उनके साथ खड़ी है। भाजपा ने सरकार से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मुंडा ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता है तो भाजपा कानूनी लड़ाई लड़ेगी और आगे आंदोलन भी करेंगी। उन्होंने कहा कि झारखंड हमेशा भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की पहचान रहा है, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसी घटनाएं चिंता का विषय बन गई हैं।
प्रेस वार्ता में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष आरती खुजूर, विनय जायसवाल और प्रदेश प्रवक्ता अजय साह भी मौजूद रहे।
कमेटी ने सौंपी प्रदेश अध्यक्ष को रिपोर्ट
चान्हो (कदमटोली) घटना की जांच को लेकर भाजपा की ओर से गठित कमेटी ने अपनी कलमबद्ध जांच रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को सौंप दी है। जांच कमेटी की ओर से तैयार जांच रिपोर्ट का प्रतिवेदन नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी को भी सुपुर्द की गई है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मामले की जमीनी जांच के लिए नीलकंठ सिंह मुंडा की अध्यक्षता में सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन किया गया था। जिसमें पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, पूर्व विधायक जीतू चरण राम, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय जयसवाल, रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह और पूर्व प्रत्याशी सन्नी टोप्पो शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने 27 मई को घटनास्थल का दौरा कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

