कांग्रेस मुद्दाविहीन पार्टी, एमएमडीआर पर इनका विरोध बेबुनियाद : आदित्य
रांची, 27 अगस्त (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम पर कांग्रेस का विरोध बेतुका और बेबुनियाद है। यह केवल देश को गुमराह करने एवं असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की साजिश है। उन्होंने कांग्रेस को मुद्दाविहीन पार्टी बतलाया है। कहा कि मुद्दों को भटकाना इनकी पुरानी फितरत रही है। साहू पार्टी के प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को प्रेसवार्ता में बोल रहे थे।
साहू ने कहा कि लोकतंत्र, लोकलाज से चलता है लेकिन कांग्रेस पार्टी लोकलाज को पूरी तरह धोकर पी गई है। कांग्रेस द्वारा बार-बार जनता को गुमराह करना, अच्छे कानून, अच्छी बातों को तोड़ मरोड़ कर रखना, लोगों को बरगलाना कांग्रेस के स्वभाव में शामिल है।
साहू ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम का पूरे देश में कहीं कोई विरोध नहीं हो रहा है। कांग्रेस शासित प्रदेशों में भी इसका कहीं कोई विरोध नहीं है, लेकिन झारखंड में इस अधिनियम के नाम पर कांग्रेस केवल गुमराह करने का काम कर रही है। छात्रों का इतना बड़ा आंदोलन हो रहा है, फर्जी मुकदमे किए जा रहे हैं, पुलिस द्वारा छात्रों को डराने-धमकाने का काम किया जा रहा है। कांग्रेस इस मामले को भटकाना चाहती है।
साहू ने कहा कि कांग्रेस ने झारखंड को एटीएम बनाकर रखा है। आवश्यकता अनुसार इस एटीएम का उपयोग कांग्रेस करके राज्य को लूट रही है। कांग्रेस इस अधिनियम का विरोध सिर्फ इसलिए कर रही है क्योंकि कोयले से आने वाली उनकी काली कमाई बंद होने वाली है। यह सब इसी की छटपटाहट है। जीवन भर कांग्रेस ने देश को लूटने काम किया है, वह स्वभाव आज भी कायम है। कांग्रेस विभिन्न जिलों में कार्यक्रम करके लोगों को गुमराह कर रही है। इनकी बातों को जनता अब गंभीरता से नहीं लेती है। इनके कार्यकाल को जनता ने काफी करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर इनके मंसूबों को नाकाम करने का काम करेंगे। जनता को भ्रमित करने का इनको करारा जवाब मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जब झारखंड के उद्यमी को पड़ोसी राज्यों से सस्ते दर पर कोयला और आयरन ओर मिल रहा है। तो झारखंड में उत्पादित महंगा कोयला ये लोग क्यों खरीदेंगे। झारखंड सरकार ने सेस के नाम पर लूट मचाकर रखी है। आयरन ओर में 600 और कोयला में 450 रुपए प्रति टन की दर से सेस वसूला जा रहा है। पड़ोसी राज्यों में काफी कम सेस है, फिर झारखंड में इतनी अधिक क्यों।
उन्होंने बीसीसीएल का उदाहरण देते हुए कहा कि इस सिलसिले में केंद्रीय कोयला मंत्री से उनकी हाल में मुलाकात हुई तो केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बीसीसीएल की हालत काफी बिगाड़कर रखी गई है, काफी बड़े पैमाने पर चोरी हो रही है। राज्य सरकार के संरक्षण में यहां पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से सब खेल हो रहा है। आज स्थिति यह है कि अगर केंद्र सरकार बीसीसीएल को पैसा नहीं दे तो इनके कर्मचारियों के वेतन पर भी लाले पड़ जाएंगे। इनका भुगतान भी वहां के राजस्व से नहीं होने वाला है। कह सकते हैं कि बीसीसीएल बंदी के कगार पर पहुंच गई है।
साहू ने कहा कि जिस प्रकार गृह मंत्रालय की ओर से बीसीसीएल पर सीआईएसएफ जवानों को तैनात कर चोरी पर लगाम लगवाया गया है, इसी प्रकार चतरा, लातेहार, दुमका, गोड्डा आदि जिलों में भी इनकी तैनाती कर राज्य की खनिज संपदाओं को बचाने का आग्रह हमने गृह मंत्री से किया है।
साहू ने कहा कि आंदोलनों को बेचने-खरीदने, मुद्दों को डायवर्ट करने का कांग्रेस का इतिहास पुराना है। यह वही कांग्रेस है जब अलग झारखंड आंदोलन चरम सीमा पर था, इसी कांग्रेस ने आंदोलन को खरीदने काम किया। अगर कांग्रेस के पास लोकलाज होती तो उसी समय राज्य अलग हो गया होता।
इस दौरान प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा एवं शोभा यादव भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

