home page

हेमंत सरकार के सात साल पर भाजपा ने जारी किया जनता का चार्जशीट, कहा- राज्य में थाना और विधायक आवास तक भी सुरक्षित नहीं

 | 
हेमंत सरकार के सात साल पर भाजपा ने जारी किया जनता का चार्जशीट, कहा- राज्य में थाना और विधायक आवास तक भी सुरक्षित नहीं


रांची, 28 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार के सात वर्षों के कार्यकाल को लेकर भाजपा ने शनिवार को जनता का चार्जशीट जारी किया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने शनिवार को प्रेस वार्ता में आरोपपत्र पुस्तिका का विमोचन करते हुए सरकार पर लूट, झूठ, भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी, बेलगाम अपराध और आदिवासी-मूलवासी समाज के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने हेमंत सोरेन को चार्जशीटेड मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि सात वर्षों का शासन कुशासन और अव्यवस्था का दस्तावेज है। भाजपा द्वारा जारी यह चार्जशीट हेमंत सरकार के सात वर्षों में लूट, झूठ, अव्यवस्था, अन्याय और शोषण का दस्तावेज है।

हेमंत सोरेन सरकार का सात वर्षों का कार्यकाल झारखंड के इतिहास में कुशासन, अराजकता, वादाखिलाफी, भ्रष्टाचार, बेलगाम अपराध, युवाओं के साथ छल, किसानों की उपेक्षा तथा आदिवासी-मूलवासी समाज सहित आम जनता की अपेक्षाओं के साथ विश्वासघात के रूप में याद किया जाएगा। थाना, विधायक आवास, चौथे स्तं,भ और जेल तक सुरक्षित नहीं है। हेमंत सरकार के राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई है।

पुलिस कस्टडी में मौतें, पत्रकारों पर कथित पुलिसिया दमन और हत्या, लूट, अपहरण जैसी घटनाएं सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा का वादा करने वाली सरकार में आदिवासियों की जमीन पर कब्जे के आरोप सामने आ रहे हैं, जबकि बालू, कोयला, पत्थर और लौह अयस्क जैसी खनिज संपदाओं पर माफियाओं का कब्जा बढ़ रहा है। उन्होंने अंचल कार्यालय से सचिवालय तक भ्रष्टाचार, युवाओं के साथ नौकरी के नाम पर धोखा, बेरोजगारी, किसानों की उपेक्षा और विकास योजनाओं में भुगतान लंबित रहने का आरोप लगाया। उनके अनुसार, पेंशन, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल और सिंचाई की स्थिति भी चिंताजनक है। साहू ने सरकार से चुनावी वादों का हिसाब मांगते हुए पूछा कि युवाओं को रोजगार और बेरोजगारी भत्ता, 450 रुपये में गैस सिलेंडर तथा किसानों को 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान का एमएसपी देने का वादा कब पूरा होगा। उन्होंने हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज और प्रत्येक जिले में मेडिकल एवं इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने के वादों पर भी जवाब मांगा। उन्हों्ने कहा कि आज झारखंड सरकार अपनी सातवीं वर्षगांठ मना रही है। हेमंत सोरेन के दोनों कार्यकाल को मिलाकर सरकार के सात वर्ष पूरे हो चुके हैं। लेकिन बड़े दुख की बात है कि जिस सोच और सपने के साथ अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने झारखंड राज्य का गठन किया था, उस सपने को इस सरकार ने पलीता लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। पिछले सात वर्षों से झारखंड अपनी दुर्दशा झेलने को मजबूर है। कार्यक्रम में नीलकंठ सिंह मुंडा, सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, अमर कुमार बाउरी, अमित मंडल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे