home page

संगठित अपराध से जुड़े लोगों की बनाएं सूची, सभी पर रखें नजर : एसपी

 | 
संगठित अपराध से जुड़े लोगों की बनाएं सूची, सभी पर रखें नजर : एसपी


रामगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। जिले में संगठित अपराध एक बड़ी समस्या बनी हुई है। रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने गुरुवार को मासिक अपराध समीक्षा बैठक के दौरान इस मुद्दे पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध गिरोह से जुड़े लोगों की सूची बनाई जाएगी। हर अपराधी पर नजर रखी जाएगी। जो भी जेल से बाहर निकला है उसकी गतिविधि पुलिस की नजर में होनी चाहिए। इसके अलावा लगभग 28 बिंदुओं पर एसपी ने गंभीरता पूर्वक चर्चा की।

क्राइम मीटिंग के दौरान लंबित कांडों के उद्भेदन, अभियुक्तों की गिरफ्तारी और कांड निष्पादन पर जोर दिया गया। जून महीने में जितने कांड दर्ज हुए हैं, उनमें शीघ्र प्रतिवेदन देने, दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट के मामले को 60 दिन के अंदर निष्पादित करने को कहा गया। आम नागरिकों की सहायता के लिए बने डायल 112 पर पुलिस 10 मिनट में अपना रेस्पॉन्ड करने का निर्देश एसपी ने दिया।

एसपी ने कहा कि पिछले 05 वर्ष, 03 वर्ष और 02 वर्ष से लंबित सभी मामलों का स्पष्ट कारण के साथ सूची बननी चाहिए। त्वरित गति से उनका निष्पादन भी होना चाहिए। वारंट, इश्तहारों और कुर्की ज़ब्ती की कार्रवाई भी तत्काल होनी चाहिए।

साथ ही उन्होंने चेन स्नेचिंग, मोबाइल, पर्स छिंतई, संपत्ति मूलक कांड, एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामले, आईटी एक्ट के तहत दर्ज शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एसपी ने पुलिस को पीजी पोर्टल, सीपी-ग्राम ई-डर और ई-रेड पर अपनी प्रविष्टि अपडेट करने का भी निर्देश दिया।

एसपी ने बताया कि 07 वर्ष से अधिक सजा वाले कांड में फॉरेंसिक टीम की ओर से साक्ष्य संकलन करने का निर्देश दिया गया है। एसपी ने बताया कि यह बेहद जरूरी है कि वैज्ञानिक अनुसंधान को पुलिस अपने कार्य में शामिल करे। इससे अपराधियों को सजा दिलाने में भी आसानी होगी। इसके अलावा अवैध खनन और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार छापेमारी करने का निर्देश दिया गया। साथ ही आगामी रथ यात्रा और श्रावणी मेले को लेकर भी समीक्षा की गई।

बैठक में रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन, डीएसपी हेड क्वार्टर अकरम राजा, पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार सहित अन्य थाना प्रभारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश