home page

हरमू नदी को जीवंत बनाने को लेकर नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

 | 
हरमू नदी को जीवंत बनाने को लेकर नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण


रांची, 02 जून (हि.स.)। रांची शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली हरमू नदी को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम अधिकारियों के साथ वार्ड संख्या-23 स्थित हिंदपीढ़ी क्षेत्र में हरमू नदी का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने नदी की वर्तमान स्थिति, जल प्रवाह में आ रही बाधाओं, नदी तट पर फैली गंदगी, अतिक्रमण और सार्वजनिक सुविधाओं का जायजा लिया। कई स्थानों पर जमा गाद, झाड़ियां और अवरोधों को देखते हुए उन्होंने संबंधित शाखाओं को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि हरमू नदी के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण मुक्ति को लेकर निगम पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि नदी तट पर मौजूद अवैध खटालों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य अतिक्रमणों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने स्वच्छता शाखा को पोकलेन और जेसीबी मशीनों की सहायता से नदी की सफाई एवं गाद निकालने का कार्य तेज करने को कहा, ताकि जलधारण क्षमता बढ़े और पानी का प्रवाह सुचारू हो सके। साथ ही नदी किनारे जमा कचरे और अन्य अवरोधों को हटाने का भी निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू, नगर प्रबंधक, स्वच्छता शाखा, इनफोर्समेंट टीम और भू-संपदा शाखा के अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar