योग शिविर का समापन में प्रतिभागी सम्मानित
रांची, 21 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, रांची दक्षिण महिला जागृति शाखा और श्री राम भरत मिलाप समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को डोरंडा स्थित श्री राम भरत मिलाप कार्यालय परिसर में आयोजित योग शिविर का रविवार को समापन हुआ।
यह शिविर 17 जून से संचालित किया जा रहा था।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि समिति के अध्यक्ष रोहित शारदा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि योग स्वस्थ और निरोग जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि करो योग, रहो निरोग को जीवन का मंत्र बनाना चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रतिदिन सुबह छह बजे से 7.30 बजे तक कार्यालय परिसर में निःशुल्क योग शिविर संचालित करने की घोषणा की।
महिला जागृति शाखा की अध्यक्ष प्रमिला सराफ ने सदस्यों के साथ योगाभ्यास करते हुए अतिथियों का स्वागत किया।
मौके पर कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। मधु पिलानिया को प्रथम, गोपाल पाठक को द्वितीय और बीना शारदा को तृतीय पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक रीना केड़िया ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। शिविर के समापन अवसर पर उन्हें श्री राम भरत मिलाप समिति और महिला जागृति शाखा की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में खुशबू शारदा, सरोज सुल्तानिया, अंजना अग्रवाल, नीरू अग्रवाल, महेश विजय, संजय अग्रवाल सहित अनेक सदस्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

