बीएफसीएल में पीपीई प्रदर्शनी का आयोजन
रामगढ़, 07 मार्च (हि.स.)। 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा माह के अवसर पर बीएफसीएल के एचएसपीए यूनिट परिसर में शनिवार को पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि अनंत शंकर सेठ, वीपी, जीएफ़ए ने वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में किया।
इस प्रदर्शनी का उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कर्मचारियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग और नवीनतम तकनीकों की जानकारी देना था। प्रदर्शनी में भारत की प्रमुख पीपीई निर्माता कंपनियों जैसे करम वीनस उद्योगी सहित अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों ने अपने नवीनतम सुरक्षा उपकरणों और तकनीकों का प्रदर्शन किया।
इस दौरान कन्फाइंड स्पेस एंट्री, वर्किंग एट हाइट और गैस डिटेक्शन सिस्टम सहित कई आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की जानकारी दी गई। उनके सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के डिविजनल हेड्स, बिजनेस यूनिट प्रमुखों, विभागाध्यक्षों तथा कर्मचारियों ने अपने टीम सदस्यों के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
बीएफसीएल में 55 वें राष्ट्रीय सुरक्षा माह का शुभारंभ 1 मार्च को किया गया था। कार्यक्रम में सुरक्षा बैज का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन फ़िरोज़ अहमद ने किया। इस अवसर पर अतिथियों ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कार्यस्थल पर सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया।
राष्ट्रीय सुरक्षा माह के दौरान संयंत्र में विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही है। इनमें सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, सुरक्षा चित्रकला प्रतियोगिता, ऑन-जॉब सेफ्टी क्विज, सुरक्षा रैली तथा अन्य सहभागिता कार्यक्रम शामिल हैं।
इस अवसर पर सभी प्रभागीय प्रमुख, विभागाध्यक्ष और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और सुरक्षित कार्यस्थल बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

