home page

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड की माटी कला का जलवा, लाइव डेमो बना आकर्षण

 | 
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड की माटी कला का जलवा, लाइव डेमो बना आकर्षण


-कारीगर मिट्टी से बना रहे ट्रे, सुराही, कप, गिलास और अन्य आकर्षक उत्पाद-आईआईटीएफ-2026 में फोकस स्टेट के रूप में शामिल झारखंड को मिल रहा राष्ट्रीय मंच

रांची, 16 नवंबर (हि.स.)। नई दिल्ली में आयोजित 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ)-2026 में फोकस स्टेट के रूप में शामिल झारखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक हस्तशिल्प के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। झारखंड पवेलियन में पारंपरिक माटी कला (टेराकोटा) का लाइव प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मिट्टी से विभिन्न उपयोगी उत्पाद तैयार करने की पारंपरिक कला और पर्यावरण अनुकूल हस्तनिर्मित वस्तुओं को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

पवेलियन में कारीगर लाइव डेमो के माध्यम से ट्रे, सुराही, कप, गिलास, थाली और केतली जैसे आकर्षक एवं उपयोगी उत्पाद तैयार कर रहे हैं। इस प्रदर्शन की खासियत यह है कि आगंतुक अपनी पसंद के उत्पादों को अपनी आंखों के सामने बनते देख सकते हैं। साथ ही, वे स्वयं भी इस पारंपरिक कला का अनुभव लेकर अपने हाथों से मिट्टी के उत्पाद तैयार कर सकते हैं। तैयार उत्पादों को सीधे कारीगरों से खरीदने की सुविधा भी लोगों को आकर्षित कर रही है।

झारखंड सरकार की ओर से राज्य की पारंपरिक कला एवं शिल्प के संरक्षण, स्थानीय कारीगरों के सशक्तीकरण और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। माटी कला बोर्ड की परिकल्पना के तहत पारंपरिक कुम्हारों और माटी शिल्पकारों को पहचान दिलाने, उनके कौशल विकास, आधुनिक डिजाइन से जोड़ने तथा आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

आईआईटीएफ-2026 में झारखंड पवेलियन के माध्यम से राज्य की माटी कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और बाजार मिल रहा है। यह पहल न केवल झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा दे रही है, बल्कि स्थानीय कारीगरों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़कर उनके लिए नए बाजार और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे