home page

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने डाक कर्मचारियों को दिया हर संभव सहयोग का आश्वासन, रांची सम्मेलन में नई कार्यकारिणी का गठन

 | 

रांची, 12 अप्रैल (हि.स.)। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भारतीय डाक कर्मचारियों को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ न केवल देश बल्कि विश्व का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन है और यह कर्मचारियों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

रविवार को रांची में आयोजित भारतीय डाक कर्मचारी संघ, रांची प्रमंडल के द्वितीय द्विवार्षिक सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उन्होंने यह बातें कहीं। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डाक विभाग में संघ की संबद्धता को और मजबूत किया जाएगा तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देने की बात भी दोहराई।

इस दौरान संगठन की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। नई कमेटी में श्याम सुंदर कुमार को अध्यक्ष, शशि शेखर को सचिव और जितेंद्र कुमार ठाकुर को कोषाध्यक्ष चुना गया। साथ ही पोस्टमैन और एमटीएस संबंधक की नई टीम का भी गठन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्याम सुंदर कुमार ने की, जबकि संचालन परिमंडलीय सचिव अरुण कुमार सिंह ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ डाक अधीक्षक बी.के. पंडित ने भी कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

सम्मेलन में परिमंडलीय सचिव प्रभात रंजन, भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री राजीव रंजन सिंह, प्रदेश मंत्री रामा शंकर और जिला मंत्री सुबोध कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar