home page

रक्षाबंधन में डाक विभाग की विशेष पहल पर वाटरप्रूफ राखी लिफाफे उपलब्ध

 | 
रक्षाबंधन में डाक विभाग की विशेष पहल पर वाटरप्रूफ राखी लिफाफे उपलब्ध


रांची, 21 जुलाई (हि.स.)। रक्षाबंधन को लेकर भारतीय डाक विभाग के रांची डाक मंडल ने भाई-बहनों तक राखी सुरक्षित और समय पर पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था के तहत रांची और खूंटी जिले के प्रमुख डाकघरों में विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफे उपलब्ध कराए हैं।

इन आकर्षक और मजबूत लिफाफों की कीमत 10 रुपये प्रति लिफाफा (डाक शुल्क अतिरिक्त) निर्धारित की गई है। यह जानकारी डाक विभाग की ओर से मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई। जारी विज्ञप्ति के माध्यम से बताया गया कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखकर तैयार किए गए ये विशेष लिफाफे राखियों को नमी और पानी से सुरक्षित रखते हैं। डाक विभाग ने रक्षाबंधन डाक को प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध हवाई मेल नेटवर्क और त्वरित डाक व्यवस्था के माध्यम से समय पर गंतव्य तक पहुंचाने की तैयारी की है।

रांची डाक मंडल के अंतर्गत रांची जीपीओ, डोरंडा, अरगोड़ा, चुटिया, हिंदपीढ़ी, कोकर, लालपुर, हटिया, धुर्वा, कांके, मोराबादी, नामकुम, खूंटी, कर्रा, मुरहू, तोरपा, मांडर, बुंडू, सिल्ली, रातू, ओरमांझी, इटकी समेत सभी सूचीबद्ध डाकघरों में ये विशेष लिफाफे उपलब्ध हैं। डाक विभाग स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में राखी निर्माण एवं संदेश लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित करेगा।

चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। विभाग ने नागरिकों से अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते नजदीकी डाकघर से राखी बुक कराने और विशेष वाटरप्रूफ लिफाफों का उपयोग करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar