रामगढ़ में 98 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, प्रशासन ने दिए निष्पक्ष मतदान के निर्देश
रामगढ़, 22 फरवरी (हि.स.)। रामगढ़ नगर पालिका आम निर्वाचन के तहत 23 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को जिला प्रशासन की देखरेख में मतदानकर्मियों को बैलेट पेपर और बैलेट बॉक्स के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
रामगढ़ कॉलेज परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम से मतदानकर्मियों को चुनाव सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस दौरान जिला उपायुक्त (डीसी) फ़ैज़ अक अहमद मुमताज, पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय कुमार, जिला विकास आयुक्त (डीडीसी) आशीष अग्रवाल और उप-मंडल अधिकारी (एसडीओ) अनुराग कुमार तिवारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मतदानकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने पर जोर दिया।
जिले के कुल 98 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। प्रत्येक पोलिंग पार्टी के साथ पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों को भी तैनात किया गया है, जिससे कि मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे। पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की है।
डीसी ने मतदानकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय पर मतदान प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में निष्पक्षता से समझौता न किया जाए। चुनाव संबंधी प्रशिक्षण में दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और मतदान समाप्ति के बाद सभी कागजी औपचारिकताओं को सावधानीपूर्वक पूरा करने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी प्रपत्र अधूरा नहीं रहना चाहिए।
प्रशासन ने मतदाताओं से भी निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। जिला प्रशासन ने भरोसा जताया है कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से मतदान संपन्न कराया जाएगा।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

