home page

बैंक और एटीएम की सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी ने किया सुरक्षा ऑडिट

 | 
बैंक और एटीएम की सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी ने किया सुरक्षा ऑडिट


बैंक और एटीएम की सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी ने किया सुरक्षा ऑडिट


रामगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। शहर में बैंक और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रामगढ़ पुलिस सतर्क हो गई है। गुरुवार को रामगढ़ थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर गजेंद्र पांडेय ने शहर के विभिन्न बैंक शाखाओं का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बैंकों में तैनात सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के क्रम में बैंक प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक नहीं होने देने और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से बैंक परिसरों को लैस रखने के निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान एचडीएफसी बैंक, यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, महाराष्ट्र बैंक सहित शहर के अन्य बैंक शाखाओं का सुरक्षा ऑडिट किया गया। थाना प्रभारी ने सुरक्षा गार्ड की तैनाती, उनकी सतर्कता और बैंक परिसर में लगे कैमरों की कार्यशीलता का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बैंक में उच्च गुणवत्ता वाली कंपनी के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि परिसर के प्रत्येक संवेदनशील हिस्से पर निगरानी रखी जा सके।

बैंक शाखाओं के साथ-साथ एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था भी जांची गई। अलार्म सिस्टम को दुरुस्त रखने, सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बैंक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। पुलिस ने बैंक प्रबंधन को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल सतर्क रहने और सुरक्षा मानकों का गंभीरता से पालन करने को कहा।

थाना प्रभारी गजेंद्र पांडेय ने बैंक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि बैंक और एटीएम की सुरक्षा आम लोगों की जमा पूंजी से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए सुरक्षा के सभी इंतजाम दुरुस्त और प्रभावी रहने चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश