home page

पुलिस-ग्रामीण भिड़ंत में दो दारोगा सहित चार घायल, पांच वाहन क्षतिग्रस्त

 | 
पुलिस-ग्रामीण भिड़ंत में दो दारोगा सहित चार घायल, पांच वाहन क्षतिग्रस्त


चतरा, 09 सितंबर (हि.स.)। टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में मंगलवार रात्रि को एक महिला और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराने पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर झड़प हो गयी।

ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा, चतरा सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव सहित दो जवान घायल हो गये। पथराव में पुलिस के पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गये। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तीन राउंड हवाई फायरिंग की।

जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने एक महिला और युवक शहबाज को एक कमरे में बंद कर रखा था। ग्रामीणों का आरोप था कि दोनों आपत्तिजनक स्थिति में मिले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मुक्त कराने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने विरोध करते हुए पथराव शुरू कर दिया।

एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मुक्त कराकर थाने पहुंचाया।

घटना के बाद सिदपा, बड़गांव और डहू गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। पुलिस पथराव और वाहनों को क्षतिग्रस्त करने वालों की पहचान कर रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी