home page

चतरा में चार लाख की ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार

 | 
चतरा में चार लाख की ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार


चतरा, 18 जुलाई (हि.स.)। टंडवा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 19.72 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपिताें के पास से चार मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की है।

एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि टंडवा एनटीपीसी गेट नंबर-2 से कामता जाने वाली सड़क पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के पचड़ा निवासी राजेश कुमार (25) और टंडवा थाना क्षेत्र के नईपारम निवासी विकाश कुमार महतो (24) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार राजेश कुमार के पास से 9.01 ग्राम ब्राउन शुगर, एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल, एक एसीई कंपनी का कीपैड मोबाइल और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद हुई। वहीं विकाश कुमार महतो के पास से 10.71 ग्राम ब्राउन शुगर तथा वीवो कंपनी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया गया।

एसडीपीओ ने बताया कि दोनों आरोपिताें के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है। छापेमारी दल में टंडवा एएसपी प्रभात रंजन बरवार, थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार और टंडवा थाना के रिजर्व गार्ड के सशस्त्र जवान शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी