home page

अपराध के प्रति छात्रों को पुलिस ने किया जागरूक, दी महत्वपूर्ण जानकारियां

 | 
अपराध के प्रति छात्रों को पुलिस ने किया जागरूक, दी महत्वपूर्ण जानकारियां


रामगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। एसपी मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर बुधवार को गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार की ओर से एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, गोला में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक मुद्दों और अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने, डायन प्रथा के खिलाफ आवाज उठाने और नशा मुक्ति के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है। किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या निजी विवरण साझा नहीं करना चाहिए।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील की गई। थाना प्रभारी ने बाल विवाह एवं डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाज के विकास में बाधक बताते हुए इनके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे केवल स्वयं जागरूक न रहें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इन विषयों के प्रति जागरूक करें। पुलिस का उद्देश्य आम लोगों में जागरूकता बढ़ाकर सुरक्षित, शिक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश