home page

पत्नी से कथित अवैध संबंध के शक में बुदल गंझू की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

 | 
पत्नी से कथित अवैध संबंध के शक में बुदल गंझू की हत्या, आरोपित गिरफ्तार


चतरा, 06 नवंबर (हि.स.)। सिमरिया थाना क्षेत्र के जयरुखरी नदी में मिले बुदल गंझू के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पत्नी के साथ कथित अवैध संबंध के शक में बुदल गंझू की हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने कुठान गांव निवासी बालदेव गंझू को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में आरोपित ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। शुक्रवार को एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बीते 30 अक्टूबर को जयरुखरी नदी से बुदल गंझू का शव बरामद किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनिमेष नैथानी ने हत्याकांड के शीघ्र उद्भेदन और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी।

टीम में पुलिस अवर निरीक्षक राजू राणा, रामजी सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने तकनीकी और अन्य उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की। इसी दौरान बालदेव गंझू की संलिप्तता की जानकारी मिली। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपित भागने लगा, लेकिन जवानों ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया। एसडीपीओ के अनुसार पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे शक था कि बुदल गंझू का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है।

उसने दोनों को दो बार एक साथ देखने का दावा किया। इसी बात को लेकर उसके मन में बुदल के प्रति आक्रोश था। आरोप है कि इसी रंजिश में 30 अक्टूबर को वह बुदल गंझू को बहला-फुसलाकर जयरुखरी नदी की ओर ले गया। वहां डंडे और पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव नदी में छोड़ दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी