home page

पिकअप से 950 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, चालक फरार

 | 
पिकअप से 950 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, चालक फरार


चतरा, 09 अक्टूबर (हि.स.)। प्रतापपुर पुलिस ने शुक्रवार को जोरी–प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम जोगियारा के समीप एक पिकअप वाहन से 950.40 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने शराब के साथ महिंद्रा बोलेरो मैक्सी ट्रक पिकअप को भी जब्त कर लिया है। वहीं पुलिस को देखते ही वाहन चालक और सहचालक मौके से फरार हो गए।

थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि जोगियारा के समीप एक पिकअप वाहन भैंस को धक्का मारकर भाग रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल ने वाहन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पिकअप के डाला में मुरही के बोरों के नीचे छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई।

जब्त शराब में ऑफिसर्स चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की की 180 एमएल वाली 48 पेटी में 2,304 बोतलें (414.72 लीटर) और ब्लू स्ट्रोक एक्सक्विजिट व्हिस्की की 180 एमएल वाली 62 पेटी में 2,976 बोतलें (535.68 लीटर) शामिल हैं। दोनों ब्रांड की कुल 110 पेटियों में 5,280 बोतलें बरामद की गईं।

पुलिस ने शराब और पिकअप वाहन को विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में वाहन के अज्ञात मालिक, चालक एवं सहचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी