अपहृत नाबालिग को पुलिस ने किया बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार
चतरा, 20 सितंबर (हि.स.)। राजपुर थाना क्षेत्र के कान्हा खुर्द अमतीया टोला से शादी की झांसा देकर दो युवकों पर एक नाबालिग को भगाकर ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। नाबालिग के परिजन इस मामले को लेकर राजपुर थाना में लिखित आवेदन दिया। आवेदन में कान्हा खुर्द निवासी कारू यादव और पिंटू गिरी पर शादी का झांसा देकर भगाने का आरोप लगाया है।
इधर, आवेदन प्राप्त होते ही राजपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सेल के सहारा लेते हुए थाना प्रभारी ने 15 दिनों बाद आखिरकार अपहृता को सकुशल बरामद कर उससे इस मामले में गहन पूछताछ की।
नाबालिग ने पुलिस के समक्ष कारू यादव और पिंटू गिरी पर उसके घर के बगल से बाइक पर बैठाकर ले जाने की बात कही। उक्त लोग उसे राजस्थान भगाकर ले गए थे। दूसरी ओर आवेदन के आधार पर और पीड़िता के बयान पर राजपुर पुलिस ने पोस्को एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कारू यादव एवं पिंटू गिरी को जेल भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

