home page

नाबालिग की दुष्कर्म और हत्या मामले में दो गिरफ्तार

 | 
नाबालिग की दुष्कर्म और हत्या मामले में दो गिरफ्तार


चतरा, 17 सितंबर (हि.स.)। जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के बेसरा गांव में नाबालिग की हत्या और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

डीएसपी मुख्यालय सुनिल कुमार सिंह ने बताया कि 15 सितंबर को झाड़ियों में नाबालिग का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि छापेमारी के बाद कमलेश भारती (22) और मनोज कुमार (19) को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार 14 सितंबर को तीज के अवसर पर गांव में डीजे कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान दोनों आरोपितों ने नाबालिग को कथित रूप से झाड़ियों की ओर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी।

मामले में कुंदा थाना में 16 सितंबर 2026 को बीएनएस की धारा 70, 64, 103(1), 3(5) और पोक्सो एक्ट की धारा 4/6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर पीड़िता की लाल रंग की टॉर्च, हेयर पिन, घटना के समय आरोपितों की ओर से पहने गए कपड़े और कमलेश भारती का लावा कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी