home page

चोरी का खुलासा, युवती सहित चार गिरफ्तार

 | 
चोरी का खुलासा, युवती सहित चार गिरफ्तार


रांची, 03 जून (हि.स.)। राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में एक घर से 60 लाख के गहने चोरी मामले का रांची पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक युवती सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने आरोपितों के पास से भारी मात्रा में चोरी किए गए गहने भी बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में मुख्य आरोपित हर्ष कुमार सिंह, पीड़िता का देवर मुख्य आरोपित का दोस्त सिद्धांत सुमन, चोरी के गहने खरीदने वाला धनंजय कुमार वर्मा उर्फ सोनी और आरोपित की महिला मित्र लाइबा धान उर्फ निधि शामिल है।

इनके पास से एक्सयूवी कार, कीमती मोबाइल फोन, सोने के इयरिंग, टॉप सेट, डायमंड रिंग, डायमंड का मंगलसूत्र, प्लैटिनम के गहने और डेढ़ लाख रुपये नगद बरामद किया गया।

सिटी डीएसपी केवी रमण ने बुधवार को बताया कि लालपुर थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में रहने वाली वीणा विभा कुमारी ने लालपुर थाने में आवेदन देकर यह बताया था कि 22 मई को वे अपने घर की चाबी मौसेरे देवर हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष को देकर अपने ससुराल पटना चली गईं थीं।

इसके बाद वे 31 मई को वापस रांची लौटी तो इनके घर के अलमारी से लगभग 60 लाख के गहने और 40,000 रुपये कैश गायब मिले।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इस संबंध में लालपुर थाना कांड (संख्या 109/26) के तहत कांड दर्ज किया गया। रांची के सिटी डीएसपी रमन ने बताया कि मामले का खुलासा करने के लिए एक छापेमारी टीम गठित की गई है।

पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाला। जिसमें ज्ञात हुआ कि कांड में संलिप्त आरोपितों की ओर से घर में लगे सीसीटीवी के साथ छेड़छाड़ की गई थी और हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष ने ही अपने दोस्तों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचकर घर की अलमारी खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और कैश की चोरी की थी।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवती सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर कांड में चोरी गए जेवर को सिद्धांत सुमन के पास से बरामद किया गया है। पूछताछ के क्रम में आरोपित हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष ने बताया कि उसने अपने दोस्तों और एक महिला मित्र के साथ मिलकर घर से जेवर और रुपये की चोरी की थी। इसके बाद गहने बेचकर एक कार भी खरीदी थी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम ने चोरी के पैसों से खरीदी गई कार भी जब्त कर ली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे