राधा गोविंद विवि में जेईई मेंस परीक्षा में धांधली कराने वाले काकू की तलाश कर रही पुलिस
रामगढ़, 08 मई (हि.स.)। जेईई मेंस के परीक्षा में धांधली करने वाले काकू नामक शख्स की तलाश पुलिस कर रही है। रामगढ़ के राधा गोविंद विश्वविद्यालय में होने वाली परीक्षा में धांधली कराने में गिरफ्तार होने वाले लोगों और आत्मसमर्पण करने वाले सभी आरोपितों ने काकू नामक व्यक्ति का नाम लिया है। यहां तक कि रामगढ़ थाने में गिरफ्तार लोगों ने भी काकू को ही मुख्य सरगना बताया है।
काकू मुख्य रूप से बिहार राज्य के छपरा जिले का रहने वाला है। रामगढ़ पुलिस जब काकू नामक व्यक्ति का सत्यापन करने के लिए छपरा पहुंची तो पता चला कि काकू का असली नाम आमिया भूषण है।
काकू की तलाश में जिस जगह पर पुलिस पहुंची, वहां पर काकू उर्फ आमिया भूषण का दो तल्ला मकान मौजूद है। उस दो मंजिले मकान में कई किरायदार रह रहे हैं। यहां तक कि उसके परिवार के नाम पर स्कॉर्पियो और एंडेवर जैसी कई महंगी गाड़ियां उसके घर में मौजूद है। जब रामगढ़ पुलिस वहां पहुंची तब न तो काकू उर्फ आमिया भूषण वहां था, न ही महंगी और लक्जरी गाड़ियां उस घर में मौजूद थी।
पुलिस ने पूरा डिटेल निकाल कर उसके नाम और स्थल का सत्यापन किया। छपरा जिला पुलिस ने रामगढ़ पुलिस का पूरा सहयोग किया। यहां तक कि पुलिस को यह भी पता चला कि बिहार से हटकर किसी दूसरे राज्य में अमिया भूषण उर्फ काकू ने अपना शरण ले रखा है। काकू उर्फ अमिया भूषण शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष से अधिक है। लेकिन ठगी और कई अन्य वारदातों की वजह से उसकी पत्नी उसके साथ नहीं रहती है।
नौकरी लगाने और परीक्षा पास कराने के नाम पर काकू कई लोगों को ठग चुका है। यहां तक कि परीक्षा में कंप्यूटर बदलने और सेंटर उपलब्ध कराने के नाम पर भी लोगों से ठगी कर चुका है। रामगढ़ पुलिस ने जेईई मेंस की परीक्षा के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं दो लोगों ने पुलिस की दबिश के कारण आत्मसमर्पण भी किया। काकू ने अभी तक ना तो आत्म समर्पण किया है और ना ही वह पुलिस के गिरफ्त में आया है।
काकू पुलिस से छुप कर लगातार भाग रहा है। लेकिन पुलिस उसे पकड़ने के लिए उसके काफी नजदीक पहुंच चुकी है। रामगढ़ पुलिस ने जब टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज के कर्मचारी राजेश ठाकुर और उनके सहयोगी रविशंकर को रिमांड पर लिया तो कई बातें सामने आई। पुलिस की तलाश लगातार काकू तक पहुंचने की हो रही है। जब काकू गिरफ्तार होगा तो देश के कई इलाकों में हुई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में होने वाली धांधली का खुलासा होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

