home page

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित की मौत मामले में 56 नामजद सहित कई अज्ञात पर मामला दर्ज, 12 गिरफ्तार

 | 
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित की मौत मामले में 56 नामजद सहित कई अज्ञात पर मामला दर्ज, 12 गिरफ्तार


नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित की मौत मामले में 56 नामजद सहित कई अज्ञात पर मामला दर्ज, 12 गिरफ्तार


चतरा, 05 अगस्त (हि.स.)। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित मोहम्मद इमरोज की भीड़ की कथित पिटाई के बाद हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के पिता मोहम्मद सुल्तान के आवेदन पर आज टंंडवा पुलिस ने 56 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में अब तक 12 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि गांव के विजय चौबे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे और नाबालिग लड़की को छिपाकर रखने का आरोप लगाते हुए उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए उनके पुत्र मोहम्मद इमरोज के साथ भी भीड़ ने मारपीट की। आवेदन के अनुसार घायल अवस्था में पुलिस इमरोज को अपने साथ ले गई। जहां बाद में उसकी मौत की सूचना मिली।

गिरफ्तार आरोपितों में अनिल ठाकुर, मणि घटवार, पनवा देवी, कुलदीप महतो, सुनील महतो, रविंद्र कुमार, नितेश कुमार, संतोष यादव, अनिकेत ठाकुर, रिकेश कुमार, अमृत पटेल सहित अन्य शामिल हैं। इन सभी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

बुधवार को टंडवा थाना परिसर में दिनभर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य आरोपित बनाए गए विजय चौबे की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की और कहा कि गिरफ्तारी के बाद ही शव उठाया जाएगा। बाद में समुदाय के प्रबुद्ध लोगों की पहल पर वार्ता के बाद शव का अंतिम संस्कार करने पर सहमति बनी।

इस बीच एक वायरल वीडियो भी चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में मुख्य आरोपित बनाए गए पूर्व मुखिया विजय चौबे कथित रूप से मोहम्मद इमरोज को भीड़ से बचाने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। परिजनों का दावा है कि राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें मामले में फंसाया गया है। हालांकि वीडियो की प्रामाणिकता और उसकी जांच को लेकर पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना जिस गांव में हुई। वहां पीड़िता और मृतक आरोपित का घर आमने-सामने है। टंडवा थाना के बडगांव में वर्षों से पड़ोसी रहे दोनों परिवारों के बीच इस घटना के बाद तनाव का माहौल है। सुरक्षा के मद्देनजर पीड़िता और उसके माता-पिता को पुलिस संरक्षण में रखा गया है, जबकि गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पूरे इलाके में शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी