प्रधानमंत्री ने पिस्का व मुरी रेलवे स्टेशनों का किया वर्चुअल उद्घाटन
रांची, 17 जुलाई (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत इन दोनों स्टेशनों का पूरी तरह से कायाकल्प किया गया है।
पिस्का रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण पर लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत आई है, जबकि मुरी स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को 12 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया है। पहले इन दोनों स्टेशनों पर यात्रियों को केवल बुनियादी सुविधाएं ही मिल पाती थीं, लेकिन अब नए स्टेशन भवन में लिफ्ट, फुट-ओवर-ब्रिज, आधुनिक ट्रेन सूचना डिस्प्ले सिस्टम और बेहतर प्लेटफॉर्म कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा दिव्यांगजनों की सुगम आवाजाही के लिए विशेष रूप से रैंप, टैक्टाइल पाथ और अलग शौचालयों का निर्माण भी किया गया है।
पिस्का रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, राज्य के भूमि एवं राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ और हटिया के भाजपा विधायक नवीन जायसवाल, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन और मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह उपस्थित थे।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि आज ही के दिन हरियाणा में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन भी शुरू हुआ है, जो तकनीकी क्षेत्र में भारत के बढ़ते कदमों को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने देशभर में 75 पुनर्विकसित स्टेशनों को देश को समर्पित किया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल में कुल 15 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है, जिससे भविष्य में रेल यात्रियों का सफर अधिक सुरक्षित और आरामदायक होगा।
इस अवसर पर पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशनों पर भव्य समारोह आयोजित किए गए।
पुनर्विकसित मुरी रेलवे स्टेशन को भी आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। स्टेशन भवन का आकर्षक फसाड स्थानीय कला, संस्कृति एवं विरासत की पहचान को प्रदर्शित करता है। स्टेशन पर आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, विकसित प्लेटफॉर्म एवं प्लेटफॉर्म शेल्टर, उन्नत प्लेटफॉर्म सतह, अत्याधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, इल्यूमिनेटेड साइनेज, आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरे, स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था, आधुनिक शौचालय, पर्याप्त बैठने की सुविधा, विकसित एप्रोच रोड, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग तथा अन्य आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं।
यात्रियों की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यहां प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के पृथक प्रतीक्षालयों के साथ-साथ एक आधुनिक एग्जीक्यूटिव लाउंज का भी निर्माण किया गया है। साथ ही, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए लिफ्ट, रैंप, हैंडरेल, टैक्टाइल पाथ, कम ऊंचाई वाले पेयजल बूथ एवं टिकट खिड़कियां, दिव्यांगजन-अनुकूल शौचालय तथा आरक्षित पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
पुनर्विकसित मुरी रेलवे स्टेशन के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्रीय एवं मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति तथा स्टेशन परामर्शदात्री समिति के सदस्य, सहायक वाणिज्य प्रबंधक धर्मवीर कुमार, सहायक वाणिज्य प्रबंधक अभिजीत विश्वास, मंडल के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

