home page

हजारीबाग से बाइक चोरी कर रामगढ़ में बेचने की थी साजिश, एक गिरफ्तार

 | 
हजारीबाग से बाइक चोरी कर रामगढ़ में बेचने की थी साजिश, एक गिरफ्तार


रामगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। हजारीबाग जिले से बाइक की चोरी कर उसे रामगढ़ जिले में बेचने की योजना रामगढ़ थाना प्रभारी की सक्रियता से विफल कर दिया गया। साथ ही चोर को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। रामगढ़ पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर बरामद बाइक को हजारीबाग पुलिस के हवाले कर दिया है।

बुधवार को रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि जिस चोर को पकड़ा गया,उसने हजारीबाग जिले में ही सात बाइक चोरी के मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार चोर का नाम मोहम्मद हुसैन उर्फ बिट्टू है।

पुलिस के अनुसार मोहम्मद हुसैन उर्फ बिट्टू ने हजारीबाग सदर अस्पताल में कार्यरत एक कर्मी की बाइक जेएच 01 एजेड 4777 चोरी की थी। उस बाइक को लेकर वह सीधा रामगढ़ थाना चौक पहुंचा। यहां उसने उस बाइक को पहले बेचने का प्रयास किया। जब कोई ग्राहक नहीं मिला तो वह सीधे बाइक मैकेनिक के पास जा पहुंचा। वहां उसने बाइक के टायर,बैटरी और अन्य पार्ट्स अलग से बेचने का प्रयास किया।

मोहम्मद हुसैन अपने मंसूबे में असफल रहा। जैसे ही उसने बाइक और उसके पार्ट्स बेचने की बात बाजार में छेड़ी,तत्काल रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र पांडे को इसकी सूचना मिली। उन्होंने तत्काल कार्रवाई की और चोरी की बाइक के साथ मोहम्मद हुसैन उर्फ बिट्टू को पकड़ लिया।

रामगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि हजारीबाग जिले में जब मोहम्मद हुसैन उर्फ बिट्टू से पूछताछ की गई तो उसने बाइक चोरी के सात घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। किस जगह से कौन सी बाइक चोरी की थी,उसकी पूरी जानकारी उसने पुलिस को दी है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश