अर्थ फाउंडेशन ने खिलाड़ियों में किया पौधों का वितरण
रांची, 30 सितंबर (हि.स.)।
राजधानी रांची को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने की बात पर बुधवार को मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम के समक्ष पौधारोपण और पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रांची नगर निगम की पहल और अर्थ फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में झारखंड राज्य कबड्डी एसोसिएशन सहित विभिन्न खेलों से जुड़े सैकड़ों खिलाड़ियों के बीच फलदार और छायादार पौधों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि अर्थ फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार होने के साथ भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव हैं। उन्होंने हर नागरिक से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। कार्यक्रम में रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी भी मौजूद रहे।
इस दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने और शहर को हरा-भरा रखने की शपथ ली। खिलाड़ियों में प्रदीप तिर्की, सन्नी सिंह, रोहित कुमार, अजीत कुमार और चेतन कुमार सहित सैकड़ों खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कबड्डी कोच हरीश कुमार, शिव सागर, एथलेटिक कोच राजू साहू, खो-खो कोच तपन कुमार रावत, सागर कुमार और सुधाकर यादव सहित कई लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

