home page

रांची में पेंशनर्स ने महिला दिवस को ‘संघर्ष दिवस’ के रूप में मनाया, 8वें वेतन आयोग को लेकर जताई नाराजगी

 | 
रांची में पेंशनर्स ने महिला दिवस को ‘संघर्ष दिवस’ के रूप में मनाया, 8वें वेतन आयोग को लेकर जताई नाराजगी


रांची, 08 मार्च (हि.स.)। ऑल इंडिया पोस्टल-आरएमएस पेंशनर्स एसोसिएशन के बैनर तले रविवार को रांची जीपीओ परिसर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को संघर्ष दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पेंशनर्स ने केंद्र सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताई और 8वें वेतन आयोग से जुड़े मुद्दों पर चिंता व्यक्त की।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार वैलिडेशन संशोधन के माध्यम से पेंशनर्स और फैमिली पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग के लाभ से वंचित करने का प्रयास कर रही है। एसोसिएशन के नेता एमजेड खान ने कहा कि 29 मार्च 2025 को पेंशन सचिव ने आश्वासन दिया था कि इस संशोधन से पेंशनर्स प्रभावित नहीं होंगे, लेकिन अब तक सरकार ने इस संशोधन को वापस नहीं लिया है और न ही वेतन आयोग को इस संबंध में कोई स्पष्ट लिखित निर्देश दिया गया है। इससे देशभर के लगभग 65 लाख पेंशनर्स में नाराजगी व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जुलाई से पेंशनर्स इस मुद्दे को लेकर आंदोलनरत हैं और इस आंदोलन में बड़ी संख्या में महिला पेंशनर्स भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उनके संघर्ष, जुझारूपन और नेतृत्व क्षमता को विशेष रूप से सराहा गया।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 10 जनवरी को भी इस मुद्दे को लेकर शहीद चौक में धरना-प्रदर्शन किया गया था। इसके अलावा 28 और 29 मार्च को गुवाहाटी में आयोजित होने वाले चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन में झारखंड से 36 प्रतिनिधि भाग लेंगे।

कार्यक्रम में एमजेड खान के अलावा जयनारायण प्रसाद, हसीना तिग्गा, फुलमनी बिलॉन्ग, अमिता तिर्की, केडी राय व्यथित और त्रिवेणी ठाकुर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पेंशनर्स ने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता भी दिखाई।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar