एसोसिएशन के कार्यक्रम में पेंशन के निजीकरण का विरोध
रांची, 01 अक्टूबर (हि.स.)।
पेंशनर्स एसोसिएशन की ओर से राष्ट्रीय आह्वान के तहत गुरुवार को शहीद चौक में विश्व पेंशन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में पोस्टल, आरएमएस, रेलवे, बीएसएनएल सहित केंद्रीय पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने पेंशनर्स के गरिमापूर्ण जीवन, बेहतर पेंशन, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
मौके पर एमजेड खान सहित अन्य वक्ताओं ने केंद्र सरकार की पेंशन नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पेंशन व्यवस्था के निजीकरण और सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं को कमजोर करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
वहीं अन्य वक्ताओं ने कहा कि 8 वें वेतन आयोग से जुड़े प्रावधानों को लेकर मौजूदा पेंशनर्स में असंतोष है। उन्होंने पेंशनर्स संगठनों से एकजुट होकर मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। मौके पर नरेश लाल, चंचल कुमार सिंह, जयनारायण प्रसाद, केडी राय व्यथित, शिव सेवक पाठक, एमएन सिंह, जीडी साहू और जीएन शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने विचार रखे।
धरना के बाद छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने रांची के उपायुक्त से मिलकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित दो सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसमें कोविड काल में वापस ली गई वरिष्ठ नागरिकों की रेलवे सुविधाओं को पुनः बहाल करने और वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों में विशेष तंत्र बनाने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल में रेलवे से चंचल कुमार सिंह व कालिदास मुंडा, डाक से एमजेड खान व केडी राय व्यथित, बीएसएनएल से नरेश लाल और केंद्रीय वाटर बोर्ड से शिव सेवक पाठक शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

