पेंशनभोगियों ने आठवें वेतन आयोग के लाभ से वंचित होने की आशंका जताई चिंता
रांची, 13 जून (हि.स.)। ऑल इंडिया पोस्टल-आरएमएस पेंशनर्स एसोसिएशन, झारखंड की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को रांची जीपीओ परिसर में एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी के.डी. राय व्यथित की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में केंद्रीय एवं राज्य सरकार के पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विशेष रूप से आठवें वेतन आयोग से संबंधित प्रस्तावित वैलिडेशन संशोधन को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के राज्य सचिव एम.जेड. ख़ान ने कहा कि यदि वैलिडेशन संशोधन वर्तमान स्वरूप में लागू किया गया, तो 31 दिसंबर 2025 तक सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों और वर्तमान पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर देशभर के केंद्रीय पेंशनर्स संगठनों तथा फोरम ऑफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा लगातार आंदोलन और जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। उनका कहना था कि यह संशोधन लागू होने पर बड़ी संख्या में केंद्रीय और राज्य सरकार के सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रभावित होंगे।
बैठक के दौरान पेंशनर्स के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रोहिणी डेंटल क्लिनिक के सहयोग से निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित पेंशनर्स ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी हासिल की।
सभा में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) में व्याप्त समस्याओं, दवाओं की अनियमित और विलंबित आपूर्ति तथा लाभार्थियों को हो रही परेशानियों के विरोध में सात जुलाई को रांची स्थित सीजीएचएस परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि सीजीएचएस की व्यवस्थाओं में लगातार गिरावट आ रही है, जिससे पेंशनर्स को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
बैठक में रांची सीजीएचएस केंद्र में दवाओं की आपूर्ति में लगातार हो रही देरी, स्थानीय सलाहकार समिति के गठन में विलंब तथा पिछले तीन वर्षों से जोनल और लोकल एडवाइजरी कमेटियों की बैठक नहीं होने पर भी गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। सदस्यों ने मांग की कि इन समितियों का शीघ्र गठन कर नियमित बैठकें सुनिश्चित की जाएं, ताकि पेंशनर्स की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।
इसके अतिरिक्त एसोसिएशन ने सीजीएचएस के अन्य वेलनेस सेंटरों में भी आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाएं शुरू करने की मांग उठाई। सदस्यों का कहना था कि आयुर्वेदिक उपचार के प्रति लोगों का रुझान बढ़ रहा है और इससे पेंशनर्स को बेहतर स्वास्थ्य विकल्प उपलब्ध हो सकेंगे।
संगठन के विस्तार और सदस्यता अभियान को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एसोसिएशन की टीम जुलाई के दूसरे सप्ताह से देवघर, दुमका, गुमला और साहिबगंज जिलों का संगठनात्मक दौरा करेगी। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के पेंशनर्स से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को संकलित किया जाएगा।
बैठक में एम.जेड. ख़ान, त्रिलोकी नाथ साहू, सुखदेव राम, मो. रफी, राजेंद्र महतो, देवचरण साहू, सैयद अख्तर शाह, रमेश सिंह, जयराम प्रसाद, डी.एन. साहू, सत्येंद्र प्रसाद सिंह, परीक्षित सेठ, शेख शमीम अंसारी, नंद कुमार पाण्डेय, अवधेश पाठक, रमेश दुबे सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित थे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

