रामगढ़ में होली व रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक, 61 स्थानों पर दंडाधिकारी होंगे तैनात
रामगढ़, 02 मार्च (हि.स.)। होली और रमजान को देखते हुए जिला उपायुक्त (डीसी) फ़ैज़ अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने सभी को होली और रमजान की शुभकामनाएं देते हुए आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि पर्व के दौरान यदि किसी भी क्षेत्र में अफवाह फैलती है या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश होती है, तो इसकी सूचना तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06553-222005 पर दें। उन्होंने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने आमजनों से अपील की कि बिना पुष्टि किसी भी प्रकार की भ्रामक या अफवाह संबंधी पोस्ट को सोशल मीडिया पर साझा न करें। जिला प्रशासन शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न कराने को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने संयुक्त जिला आदेश जारी कर विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस बल के जवानों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क रहने तथा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल खराब करने का प्रयास किया गया, तो उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शांति समिति के सदस्यों से भी अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई।
डीसी और एसपी ने पर्व के दौरान विशेष वाहन जांच अभियान चलाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की जानकारी भी दी।
उल्लेखनीय है कि होली पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 61 स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की तैनाती की है। प्रत्येक प्रखंड में तीन पालियों में गश्ती दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जबकि जिला नियंत्रण कक्ष में भी तीन पालियों में दंडाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

