एम्स देवघर में मरीजों के परिजनों के लिए बनेगा अत्याधुनिक विश्राम गृह
देवघर, 05 जुलाई (हि.स.)। देवघर स्थित एम्स में इलाज कराने आने वाले मरीजों के परिजनों को जल्द ही ठहरने की बेहतर सुविधा मिलेगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत करते हुए विश्राम गृह निर्माण के लिए एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए।
झारखंड के दूरदराज के जिलों के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए एम्स देवघर पहुंचते हैं। ऐसे में मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को ठहरने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इसी आवश्यकता को देखते हुए विश्राम गृह के निर्माण की योजना बनाई गई है। प्रस्तावित विश्राम गृह में 100 लोगों के लिए डॉरमेट्री, 20 आवासीय कमरे और भोजन की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे मरीजों के परिजनों को कम खर्च में सुरक्षित और सुविधाजनक ठहरने का विकल्प मिल सकेगा।
विश्राम गृह के निर्माण की पूरी लागत सेवादान आरोग्य फाउंडेशन ने अपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत वहन की जाएगी। एम्स पहुंचे मरीजों के परिजनों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यहां विश्राम गृह की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
दूर-दराज से आने वाले लोगों को रात में ठहरने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है। विश्राम गृह बनने से हजारों मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी और एम्स में इलाज के दौरान उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

