एसएनएमएमसीएच में ऑक्सीजन की कमी से मरीज की मौत
धनबाद, 21 मई (हि.स.)। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में इलाजरत एक मरीज की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण मरीज की मौत हुई है। घटना के बाद बीजेपी नेत्री तारा देवी अस्पताल पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात कर मामले की जांच की मांग उठाई।
मृतक की पहचान जयदेव कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार जयदेव कुमार ने दो दिन पहले जहर खा लिया था, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया था। मृतक के चचेरे भाई रमेश कुमार ने आरोप लगाया कि गुरुवार अहले सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे ऑक्सीजन की जरूरत थी, लेकिन समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराई गई। उनका कहना है कि इलाज में लापरवाही और ऑक्सीजन की कमी के कारण जयदेव की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद बीजेपी नेत्री तारा देवी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था बेहतर होने का दावा करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसएनएमएमसीएच में मरीजों को पर्याप्त इलाज, डॉक्टर और दवाइयां नहीं मिल रही हैं। कई मरीजों को बाहर से दवा खरीदनी पड़ती है और गंभीर मरीजों को रेफर कर दिया जाता है।
तारा देवी ने कहा कि अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को भी ऑक्सीजन और इलाज संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं मामले को लेकर अस्पताल अधीक्षक डीके गंदोरिया से फोन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा

