home page

पुरानी सड़क हटाकर बनाई जाए पटेल चौक-नया मोड़ पथ : हेतमसरिया

 | 
पुरानी सड़क हटाकर बनाई जाए पटेल चौक-नया मोड़ पथ : हेतमसरिया


रामगढ़, 06 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में पटेल चौक से नया मोड़ तक पुरानी एनएच-33 की जर्जर सड़क का निर्माण हो रहा है। समाजसेवी बसंत हेतमसरिया ने निर्माण प्रक्रिया में पटना उच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुरानी सड़क की परत हटाए बिना उसके ऊपर नई परत बिछाने से सड़क का स्तर ऊंचा हो सकता है, जिससे आसपास के मकान और दुकानें सड़क से नीचे हो जाएंगे।

हेतमसरिया ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों में सड़क निर्माण के दौरान पुरानी परत को खुरचकर यानी मिलिंग करने और सड़क की ऊंचाई मनमाने ढंग से नहीं बढ़ाने पर जोर दिया गया है। उनका कहना है कि इसका उद्देश्य सड़क की ऊंचाई बढ़ने से होने वाली जलभराव की समस्या को रोकना है।

उन्होंने बताया कि बिना पुरानी परत हटाए सड़क ऊंची होने पर बारिश का पानी आसपास के घरों और दुकानों में प्रवेश कर सकता है। वहीं सड़क के मुकाबले नीचे हो जाने वाले भवनों को बाद में ऊंचा करना भी व्यावहारिक रूप से मुश्किल होगा।

हेतमसरिया ने दावा किया कि पटना उच्च न्यायालय ने मई 2026 में भी सड़क निर्माण विभाग के मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के पालन को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। उनके अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई और संबंधित अभियंताओं की जवाबदेही तय करने की बात कही गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश