home page

पासवा के छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह में हजारों प्रतिभाशाली बच्चे सम्मानित

 | 
पासवा के छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह में हजारों प्रतिभाशाली बच्चे सम्मानित


रांची, 06 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रांची में स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) की ओर से सोमवार को हजारों प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नेशनल टॉपर भव्या रंजन,अभि गोयल और जैक बोर्ड के टॉपर अखिलेश साहू को मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने सर्टिफिकेट एवं मेडल और नकद राशि देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि शिक्षा ही झारखंड के उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। आज हजारों प्रतिभावान विद्यार्थियों को एक मंच पर सम्मानित होते देखना गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि झारखंड के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें सही अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की। उन्होंने पासवा के प्रयासों की सराहना की।

वहीं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि झारखंड की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है ऐसे ही मंचों की जो उन्हें उड़ान दें। उन्होंने पासवा की पहल को झारखंड के शिक्षा आंदोलन की रीढ़ बताया।

उन्होंने कहा कि छात्र जीवन केवल एक अकादमिक यात्रा नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी नींव है जिस पर पूरा भविष्य टिका होता है। उन्होंने कहा कि मैं मानती हूं कि हर बच्चा अपनी जगह विशेष है — जरूरत है तो बस सही दिशा, मार्गदर्शन और अवसर की।

पासवा के मुख्य संरक्षक और पूर्व वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राज्य की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है।

पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि वे सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को बधाई देते हैं जिन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से यह सम्मान अर्जित किया है।

उन्होंने कहा कि पासवा का हर कदम विद्यार्थियों की सफलता के लिए समर्पित है। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षाविदों, विद्यालय निदेशकों और प्राचार्यों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनमें डीएवी के निदेशक एमके सिन्हा, सिस्टर अमृता, डीएवी बरियातू के प्रिंसिपल एसके मिश्रा, डीएवी नंदराज के प्रिंसिपल रवि कुमार तिवारी, डीएवी गांधीनगर के प्रिंसिपल सहित अन्य शामिल है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अनिकेत कुमार, मेंहुल दूबे, अज़हर आलम, सुनैना प्रजापति, खुशी भारती सहित अन्य का मुख्य योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar