home page

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 52 लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण

 | 
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 52 लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण


देवघर, 04 जून (हि.स.)। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और पशुपालकों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से बुधवार को मधुपुर प्रखंड परिसर में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत विशेष परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में प्रखंड के 52 चयनित लाभुकों के बीच विभिन्न श्रेणियों की पशुधन और कुक्कुट इकाइयों का वितरण किया गया। योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सर्वाधिक 35 लाभुकों को बकरा-बकरी इकाइयां उपलब्ध कराई गईं।

वहीं पोल्ट्री व्यवसाय के माध्यम से त्वरित आय सृजन को ध्यान में रखते हुए 16 लाभुकों को ब्रायलर कुक्कुट इकाइयों का वितरण किया गया। इसके अलावा अंडा उत्पादन को प्रोत्साहित करने और व्यावसायिक पोल्ट्री पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक चयनित लाभुक को लेयर कुक्कुट इकाई प्रदान की गई।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, पलायन को रोकना, महिलाओं एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्थानीय स्तर पर मांस और अंडा उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करना है।

अधिकारियों ने लाभुकों से पशुधन का वैज्ञानिक तरीके से पालन-पोषण करने की अपील करते हुए कहा कि उचित देखभाल और आधुनिक पशुपालन तकनीकों को अपनाकर वे अपनी आर्थिक स्थिति को और सुदृढ़ बना सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान पशुपालन विभाग के तकनीकी विशेषज्ञों ने लाभुकों को पशुओं के स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित आहार, टीकाकरण और विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली चिकित्सा सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर अंचल अधिकारी, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण और लाभुक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy